ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण: डॉक्टर गायब, शुल्क में गड़बड़ी; कलेक्टर सख्त

ओपीडी में अनियमितता पर कार्रवाई के निर्देश, साफ-सफाई व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी; ब्लड बैंक स्थापना की तैयारी

सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेडिसिन, नेत्र और आर्थोपेडिक ओपीडी का जायजा लिया गया। आर्थोपेडिक ओपीडी में डॉक्टर ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाए गए, वहीं ओपीडी पर्ची और रजिस्टर में भी गड़बड़ी मिली। इस पर कलेक्टर ने सिविल सर्जन को संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई करने को कहा।

सबसे गंभीर मामला तब सामने आया जब ओपीडी काउंटर पर मुफ्त श्रेणी के मरीजों से भी शुल्क वसूला जा रहा था। कलेक्टर ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित ऑपरेटर को तत्काल हटाने और काउंटर संचालित करने वाली एजेंसी पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने इमरजेंसी, आईसीयू, एसएनसीयू, पैथोलॉजी, सर्जिकल और जनरल वार्ड सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही मरीजों को समय पर भोजन, बेडशीट बदलने और लॉन्ड्री मशीन चालू करने के निर्देश दिए गए।

गर्मी को देखते हुए बंद पड़े एसी और कूलर जल्द चालू करने, संवेदनशील वार्डों में 24 घंटे स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने और एसएनसीयू में शिशु मृत्यु की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान ट्रॉमा सेंटर में प्रस्तावित ब्लड बैंक स्थल का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने इसके शीघ्र संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

इस दौरान सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button