जिले में केज स्थापना,संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित

सिंगरौली / सहायक संचालक मत्स्योद्योग विभाग ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा लागू मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026 के अंतर्गत सिंगरौली जिले में केज स्थापना एवं संचालन हेतु इच्छुक निवेशकों,उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य चयनित जलाशयों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करते हुए मत्स्योत्पादन में वृद्धि करना तथा निजी निवेश को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि उद्यमी मॉडल के अंतर्गत निवेशकों को केज एक्वाकल्चर, एक्वापोनिक्स, इंटीग्रेटेड फिश फार्मिंग, ईको टूरिज्म एवं ग्रीन एनर्जी जैसी गतिविधियों के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके साथ ही फिश हैचरी, आइस प्लांट, कोल्ड स्टोरेज, फिश प्रोसेसिंग यूनिट एवं विपणन अधोसंरचना विकास हेतु बैंक ऋण सुविधा, ब्याज सबवेंशन तथा तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सिंगरौली जिले में केज स्थापना,संचालन हेतु माड़ी सिंचाई जलाशय ग्राम बूढाडांड विकासखंड देवसर तथा काचन सिंचाई जलाशय ग्राम मनिहारी विकासखंड देवसर का चयन किया गया है।उन्होंने बताया कि इच्छुक निवेशक 20 मई 2026 तक कार्यालयीन दिवस एवं समय में डीपीआर तथा आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन मत्स्योद्योग विभाग कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। योजना संबंधी विस्तृत जानकारी जिला कार्यालय सिंगरौली एवं विभागीय वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।












