जबलपुर में लापरवाही का खामियाजा: कांचघर रोड पर धंसे तीन वाहन, घंटों लगा जाम

जबलपुर। जबलपुर के कांचघर रोड पर पानी की पाइपलाइन बिछाने के कार्य में बरती जा रही लापरवाही अब आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। बीते कुछ घंटों में यहां तीन बड़े वाहन सड़क में धंस गए, जिससे पूरे इलाके में लंबा जाम लग गया।
जानकारी के मुताबिक, रेलवे कोचिंग डिपो के सामने मंगलवार देर रात करीब 11 बजे एक सामान से भरा ट्रक (क्रमांक MH40D-C-0824) सड़क में धंस गया। ट्रक के आगे और पीछे के पहिए लगभग एक-एक फीट तक जमीन में धंस गए, जिसके कारण यह वाहन दोपहर तक वहीं फंसा रहा और यातायात बाधित होता रहा।
इससे पहले मंगलवार शाम करीब 5 बजे इसी स्थान पर ईंटों से भरा एक ट्रक भी सड़क में धंस गया था। वहीं, करीब दो घंटे बाद एक छोटा हाथी वाहन भी पास में ही फंस गया, जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से पाइपलाइन बिछाने का काम बेहद धीमी गति और लापरवाही से किया जा रहा है। सड़क की ठीक से मरम्मत न होने के कारण यह मार्ग लगातार हादसों का कारण बन रहा है।
यह सड़क हजारों रेल कर्मचारियों, अधिकारियों और आम नागरिकों के लिए रोजमर्रा का मुख्य मार्ग है। ऐसे में बार-बार हो रही इन घटनाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
नागरिकों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।













