पाटन में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को रौंदा, मौके पर मौत

जबलपुर। जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। पाटन स्थित भाटिया पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने एक मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रक के नीचे फंस गया। हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और युवक को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दर्दनाक घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया।
हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं, ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान कर जल्द से जल्द उसकी गिरफ्तारी की जा सके।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।













