ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

चितरंगी में ब्लास्टिंग से खतरा: पहाड़ियों से गिर रहे पत्थर, मकान क्षतिग्रस्त—ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

सिंगरौली। चितरंगी क्षेत्र में आयरन ब्लॉक की ब्लास्टिंग से ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मिसिरगवा आयरन ब्लॉक में टेस्टिंग के नाम पर हो रही लगातार ब्लास्टिंग से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार केकराव, चितावल, शिवपुरवा और मिसिरगवा गांवों में तेज धमाकों के कारण पहाड़ियों से बड़े-बड़े पत्थर टूटकर गिर रहे हैं। इससे कई मकानों में दरारें आ गई हैं और कुछ घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। वहीं चितरंगी-लमसरई मार्ग पर भी पत्थर गिरने से राहगीरों की जान जोखिम में बनी हुई है।

ग्रामीणों में आक्रोश, सड़कों पर उतरे लोग
घटना को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। युवा नेता लक्ष्मण सिंह बैस के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजा देने, ब्लास्टिंग के दौरान सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू करने, कंपनी व प्रशासन के साथ खुली बैठक आयोजित करने और खतरनाक परिस्थितियों में काम बंद कराने की मांग की है।

प्रशासन पर उठे सवाल
तहसीलदार द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक ठोस कदम नहीं उठाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे प्रशासनिक कार्यालय का घेराव करेंगे और आंदोलन तेज किया जाएगा।फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Author

Related Articles

Back to top button