शहर में अवैध होल्डिंग पर चला बुलडोजर,सांसद-विधायक तक के होल्डिंग तोड़े…

शहर में अवैध होल्डिंग पर चला बुलडोजर,सांसद-विधायक तक के होल्डिंग तोड़े…
सीधी पोल खोल पोस्ट
सीधी नगर पालिका क्षेत्र में अवैध होल्डिंग और पोस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नगर पालिका सीएमओ मिनी अग्रवाल ने बुलडोजर चलवाकर सभी अवैध पोस्टर और होल्डिंग हटवा दिए। इस कार्रवाई में सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और भाजपा पदाधिकारियों सहित कई राजनेताओं के पोस्टर भी शामिल थे, जिन्हें तोड़कर सीधे कचरे के ढेर में फेंक दिया गया। नगर पालिका की यह कार्रवाई सोमवार शाम से शुरू हुई, जो मंगलवार सुबह तक लगातार जारी रही।
जानकारी के अनुसार, अब तक कुल 37 से अधिक अवैध पोस्टर और होल्डिंग उखाड़कर हटाए जा चुके हैं। नगर पालिका सीधी के दो कचरा वाहनों और आठ कर्मचारियों की टीम ने इस अतिक्रमण हटाओ अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया। हटाए गए पोस्टरों में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सीधी विधायक रीति पाठक, पूर्व राज्यसभा सांसद, भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान सहित अन्य राजनेताओं के पोस्टर शामिल थे।
सीएमओ मिनी अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में बिना अनुमति लगाए गए किसी भी प्रकार के पोस्टर या होल्डिंग अवैध हैं और उनके विरुद्ध कार्रवाई करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सीधी शहर की स्वच्छता, सौंदर्य और नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। चाहे पोस्टर किसी का भी हो, यदि अनुमति नहीं ली गई है तो उसे हटाया जाएगा।
जब उनसे सांसद और विधायक के पोस्टरों को हटाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कानून की नजर में सभी समान हैं। नगर पालिका से बिना अनुमति लगाए गए पोस्टर नियमों का उल्लंघन हैं, इसलिए किसी को भी छूट नहीं दी जा सकती। भारी संख्या में शहर भर में पोस्टर लगाए गए थे, जिससे सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्था और गंदगी फैल रही थी।













