आंधी-बारिश से यूपी में तबाही, 18 की मौत; कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-बारिश ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी। दीवारें ढहने, पेड़ गिरने और अन्य हादसों में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
सबसे ज्यादा असर सुल्तानपुर में देखने को मिला, जहां 7 लोगों की जान चली गई। अमेठी और अयोध्या में 3-3 लोगों की मौत हुई, जबकि अन्य जिलों में भी जनहानि की खबरें हैं। तेज हवाओं के कारण कई जगह कच्चे मकान ढह गए और पेड़ व बिजली के खंभे गिरने से अंधेरा छा गया।
सुल्तानपुर में हवाओं की रफ्तार करीब 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई, जिससे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा की छत तक उड़ गई। कई इलाकों में ओलावृष्टि से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। घायलों का इलाज जारी है और मृतकों के परिजनों को सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने पहले ही आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया था। फिलहाल गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन बिजली और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।













