एग्जिट पोल में बंगाल में कड़ी टक्कर, ज्यादातर सर्वे में बीजेपी को बढ़त

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को समाप्त हो गया। अब सभी की नजरें 4 मई को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। मतदान के बाद जारी एग्जिट पोल में इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, हालांकि ज्यादातर सर्वे में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त दिखाई गई है।
विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल के अनुसार, 6 में से 5 सर्वे में बीजेपी सरकार बनने का अनुमान जताया गया है, जबकि एक सर्वे ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में है। मैट्रिज के एग्जिट पोल में टीएमसी को 125-140 और बीजेपी को 146-161 सीटें मिलने का अनुमान है। चाणक्य स्ट्रैटीज ने टीएमसी को 130-140 और बीजेपी को 150-160 सीटें दी हैं।
वहीं, पीपुल्स पल्स ने टीएमसी को 177-187 सीटों के साथ बढ़त दी है, जबकि बीजेपी को 95-110 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। प्रजा पोल में बीजेपी को 178-200 सीटें मिलती दिखाई गई हैं, जबकि टीएमसी को 85-110 सीटें दी गई हैं। अन्य सर्वे में भी बीजेपी को बढ़त मिलती नजर आ रही है।
294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटों की आवश्यकता होती है। पिछले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 में भी एग्जिट पोल में कड़ी टक्कर के संकेत मिले थे, लेकिन नतीजों में टीएमसी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया था।
अब देखना होगा कि एग्जिट पोल के अनुमान कितने सटीक साबित होते हैं।













