ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नगरीय क्षेत्र में नगर जनगणना अधिकारी के मार्गदर्शन में आज से शुरू होगा जनगणना 2027 का प्रथम चरण

सिंगरौली-मध्य प्रदेश शासन के निर्देशों के परिपालन में सिंगरौली नगर के तीनों जोन के अंतर्गत आने वाले सभी 45 वार्डों में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का औपचारिक शुभारंभ, 1 मई को प्रातः 10:30 बजे से किया जाएगा। नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती सविता प्रधान के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करना है।

नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रधान ने बताया कि इस चरण के तहत नगर के प्रत्येक मकान का सूचीकरण किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय जनगणना की आधारशिला बनेगा।

इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए नगर जनगणना अधिकारी द्वारा सभी 45 वार्डों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की टीमें तैनात की गई हैं। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को जनगणना की प्रक्रिया और इसके महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि गणना के दौरान डेटा संग्रहण का कार्य बिना किसी बाधा के पूर्ण हो सके। नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती सविता प्रधान ने नगर वासियों से इस कार्य में पूर्ण सहयोग करने की अपील की है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े ही भविष्य में शहर की विकास योजनाओं, नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विस्तार का आधार बनेंगे। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि जब गणना दल उनके निवास पर पहुँचे, तो उन्हें मकान और परिवार से संबंधित वास्तविक व प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि 1 मई को प्रातः 10:30 बजे से शुरू होने वाला यह अभियान पूरी पारदर्शिता और दक्षता के साथ सभी तीनों जोन में एक साथ संचालित किया जाए।

Author

Related Articles

Back to top button