बिना परमिट चल रहे 6 स्कूली वाहनों पर कार्रवाई, परिवहन विभाग का ‘जीरो टॉलरेंस’ संदेश

सिंगरौली। जिले में अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर परिवहन विभाग ने बिना परमिट संचालित हो रहे 6 स्कूली वाहनों पर कार्रवाई करते हुए चालानी कार्रवाई की है।
जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व में चेकपोस्ट प्रभारी निभा उइके एवं उनकी टीम द्वारा लगातार निगरानी और जांच की गई। इस दौरान पाया गया कि कुछ स्कूल वैन एवं बस संचालक बिना वैध परमिट के वाहन चला रहे थे। इतना ही नहीं, ये वाहन टैक्स चोरी करते हुए निजी कार्यक्रमों, विशेषकर मैरिज पार्टी में भी उपयोग किए जा रहे थे तथा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां ढो रहे थे।
कार्रवाई के दौरान सभी 6 वाहनों पर मौके पर ही ऑनलाइन चालान किया गया। हालांकि, मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए वाहनों को जब्त नहीं किया गया, लेकिन संबंधित वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर बकाया टैक्स एवं जुर्माना जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही राजस्व चोरी के मामलों में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













