भालू के हमले से ग्रामीण गंभीर घायल, इलाके में दहशत

सिंगरौली। जिले के बासींबेरदहा गांव में एक जंगली भालू के हमले से 50 वर्षीय ग्रामीण राममनोहर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, राममनोहर सिंह किसी काम से गांव के पास जंगल की ओर गए थे, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वे बुरी तरह घायल हो गए और शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बचाया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। खासकर सुबह और शाम के समय लोग घरों से निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था करने, भालू को पकड़ने या जंगल में खदेड़ने तथा घायल व्यक्ति को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।













