ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में दर्दनाक सड़क हादसा: बोलेरो की टक्कर से दंपति की मौत, बेटी गंभीर

 

सिंगरौली। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 18 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा सीधी-सिंगरौली बॉर्डर स्थित झोखो चौकी के पास हुआ, जहां सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने कार को टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, परिवार शादी समारोह में शामिल होकर हनुमना से सिंगरौली लौट रहा था। इसी दौरान बोलेरो चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही गायत्री तिवारी (48) एवं उनकी पत्नी ममता तिवारी (45) की मौत हो गई।

हादसे में घायल बेटी नेहा तिवारी (18) को गंभीर हालत में रीवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया है। झोखो चौकी प्रभारी अनिल मिश्रा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लग सके।

Author

Related Articles

Back to top button