ग्वालियर में महिला क्रिकेट को नई उड़ान: एमपीएल वुमन टीम ड्राफ्ट संपन्न, 3 जून से इंदौर में मुकाबले

ग्वालियर। मध्य प्रदेश क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। ग्वालियर के इम्पीरियल गोल्फ रिसॉर्ट में मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग (एमपीएल) के महिला विंग का टीम ड्राफ्ट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महाआर्यमन सिंधिया की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम ने राज्य की महिला क्रिकेटरों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल दिए हैं।
कार्यक्रम में शिखर धवन अपनी पत्नी सोफी धवन के साथ शामिल हुए। धवन ने ग्वालियर में ‘द वन हाई परफॉर्मेंस सेंटर’ और महिला लीग की पहल की सराहना करते हुए इसे खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बताया। वहीं पूर्व क्रिकेटर सबा करीम ने भी आयोजन की प्रशंसा की।
इस बार लीग में टीमों की संख्या तीन से बढ़ाकर पांच कर दी गई है। ड्राफ्ट में 303 खिलाड़ियों में से चयन कर चंबल घड़ियाल, ग्वालियर शेरनी, रॉयल निमाड़ ईगल्स, भोपाल वूल्व्स और बुंदेलखंड बुल्स टीमें बनाई गईं।
एमपीएल 2026 का आयोजन इंदौर में 3 जून से शुरू होगा, जो करीब 28 दिनों तक चलेगा। यह लीग राज्य में महिला क्रिकेट को नई पहचान देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।













