चंबल में फिल्मी अंदाज में मवेशी लूट: 67 भैंसें ले उड़े हथियारबंद बदमाश, 60 लाख का नुकसान

मुरैना। चंबल अंचल में एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जतावर-सिकरौदा गांव के पास बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब एक दर्जन हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने चरवाहों को बंधक बनाकर 67 भैंसें लूट लीं। लूटी गई भैंसों की कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है।
पीड़ितों के अनुसार, पहाड़गढ़ निवासी किसान रामाधार गुर्जर अपनी करीब 120 भैंसों के साथ चंबल किनारे डेरा डाले हुए थे। देर रात बदमाश पहुंचे और बंदूक की नोक पर चरवाहों को कब्जे में लेकर शोर मचाने से रोका। इसके बाद वे चुनिंदा भैंसों को हांक ले गए। जाते-जाते बदमाशों ने मोबाइल और नकदी भी लूट ली, ताकि तुरंत सूचना न दी जा सके।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ के निर्देश पर थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव के नेतृत्व में करीब 70 जवानों की टीम गठित कर सर्चिंग शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में बदमाशों के राजस्थान सीमा की ओर भागने की आशंका है।
करीब 30 गांवों में घेराबंदी कर ड्रोन के जरिए बीहड़ों में तलाशी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर मवेशियों की बरामदगी की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में आक्रोश और भय का माहौल है।













