बरगी डैम क्रूज हादसे पर शोक: पीएम मोदी ने जताई संवेदना, मुआवजे का ऐलान

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में 30 अप्रैल की शाम हुए दर्दनाक क्रूज हादसे पर नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। वहीं मोहन यादव ने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद और हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं।
इस हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 29 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। राहत-बचाव कार्य के दौरान एक मां और बच्चे का शव एक ही लाइफ जैकेट में लिपटा मिलने से मौके पर मौजूद लोग भावुक हो गए।
फिलहाल पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। कई लोगों के अब भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है, जिनकी तलाश जारी है।













