ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मानव एकता दिवस पर संत निरंकारी मंडल सिंगरौली द्वारा तीन चरणों में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर संपन्न

सिंगरौली- मानव एकता दिवस के पावन अवसर पर संत निरंकारी मंडल सिंगरौली द्वारा तीन चरणों में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस जनकल्याणकारी अभियान के अंतर्गत कुल 117 यूनिट रक्त संग्रहित कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
शिविर के प्रथम चरण में 24 अप्रैल 2026 को ढोटी विंध्यनगर में 53 यूनिट, द्वितीय चरण में 26 अप्रैल 2026 को बरगवां में 22 यूनिट तथा तृतीय एवं अंतिम चरण में 03 मई 2026 को मोरवा सिंगरौली में 42 यूनिट रक्त का सफलतापूर्वक संग्रहण किया गया।

तृतीय चरण के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सिंगरौली के पूर्व विधायक राम लल्लू वैश्य, रेडक्रॉस सोसाइटी सिंगरौली के चेयरमैन एस. डी. सिंह, ब्लड सेंटर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आर. डी. द्विवेदी एवं संत निरंकारी मंडल सिंगरौली के जिला संयोजक नरेश शाह की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
संत निरंकारी मिशन के संस्थापक बाबा हरदेव सिंह जी के प्रेरणादायक संदेश रक्त नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहाया जाए से प्रेरित होकर श्रद्धालुओं एवं सेवादारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेष रूप से तृतीय चरण में महिलाओं सहित अनेक भक्तों एवं स्वयंसेवकों ने निःस्वार्थ भाव से रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया, जिसमें कुछ दुर्लभ रक्त समूह भी प्राप्त हुए।

उल्लेखनीय है कि संत निरंकारी मिशन द्वारा रक्तदान सेवा का यह अभियान वर्ष 1986 में दिल्ली से प्रारंभ हुआ था, जिसके अंतर्गत अब तक लगभग 14 लाख यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित कर जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा चुका है। वर्तमान में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में यह सेवा सतत् विस्तार प्राप्त कर रही है।शिविर में प्रत्येक रक्तदाता का हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, ब्लड प्रेशर एवं वजन की जांच उपरांत ही रक्तदान कराया गया। रक्तदान के पश्चात सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में रेडक्रॉस प्रबंध समिति के सदस्य मनोज प्रताप सिंह, ललित श्रीवास्तव, सुरेश गिरी एवं भूपेंद्र गर्ग सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान, पंकज पांडे एवं वार्ड पार्षद चंद्रिका वर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।संत निरंकारी मिशन की ओर से व्यवस्थापक सुनील जी (मुखी), राजेंद्र साहू (पूर्व सैनिक), गौरव कुमार, सीमा यादव (सेवा दल संचालक), राधेश्याम यादव, जोगेंद्र विश्वकर्मा सहित अनेक सेवादारों की सक्रिय भागीदारी रही।

शिविर के सफल संचालन में रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के स्टाफ हरिशंकर गुप्ता, जय प्रकाश दुबे, सूरज प्रकाश सेन, सुनीता शाह, प्रियंका दुबे एवं रामकली रजक का विशेष योगदान रहा।इस प्रकार तीन चरणों में आयोजित यह रक्तदान शिविर मानव सेवा, सामाजिक समर्पण एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Author

Related Articles

Back to top button