स्वच्छता व अतिक्रमण हटाओ अभियान: 6 व्यापारियों पर जुर्माना, फुटपाथ कराए गए मुक्त

सीधी। नगर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अतिक्रमण पर नियंत्रण के उद्देश्य से शनिवार 2 मई 2026 को डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री प्रिया पाठक के नेतृत्व में नगर पालिका की सफाई एवं अतिक्रमण टीम द्वारा संयुक्त विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गोल मार्केट क्षेत्र में दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों के सामने अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए।
साथ ही उन्हें समझाइश दी गई कि कचरा केवल नगर पालिका की निर्धारित कचरा गाड़ी में ही डालें, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट चौक से अस्पताल चौराहा तक सडक़ किनारे बने फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। फुटपाथ पर रखे गए ढेले एवं अन्य अवरोध हटवाए गए, जिससे राहगीरों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए कुल 6 व्यापारियों पर 1200 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया। व्यापारियों को स्वच्छता एवं अतिक्रमण संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और अतिक्रमण से बचें।













