सिंगरौली में अचानक बदला मौसम, तूफान-ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में बिजली गुल

सिंगरौली। जिले में सोमवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचाई। देवसर और बैढ़न क्षेत्र में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दोपहर करीब 3 बजे शुरू हुए तूफान ने कुछ ही देर में हालात बिगाड़ दिए। तेज हवाओं के साथ गिरे ओलों से सड़कों पर सफेद परत जम गई।
तूफान के चलते कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। बैढ़न और माडा-परसौना मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात घंटों प्रभावित रहा। शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम में आए बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। जहां दिन का तापमान 36 डिग्री था, वहीं बारिश के बाद यह घटकर करीब 28 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि इससे गर्मी से राहत मिली, लेकिन ओलावृष्टि से सब्जी और अन्य फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है, जिससे किसान चिंतित हैं।
तूफान के बाद प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिया है। सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने के लिए जेसीबी और टीमों को लगाया गया है, ताकि आवागमन जल्द सामान्य हो सके।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।













