निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में उमड़ी भीड़, 50 से अधिक लोगों ने कराई बीपी-शुगर जांच
भारत विकास परिषद की पहल, हर महीने पहले व तीसरे रविवार को लग रहा शिविर

सिंगरौली। शहर में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद शाखा बैढ़न द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में रविवार को लोगों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। चाचा नेहरू पार्क रेस्ट हाउस के समीप मिश्रा पॉलीक्लीनिक/मिश्रा नर्सिंग होम के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 50 से अधिक लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
शिविर के दौरान लोगों का ब्लड प्रेशर (बीपी) और शुगर की निःशुल्क जांच की गई। साथ ही मौजूद चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श देते हुए उन्हें नियमित जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। खासकर बढ़ते बीपी और डायबिटीज के मामलों को देखते हुए डॉक्टरों ने समय-समय पर जांच कराने की जरूरत पर जोर दिया।

स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश
शिविर में पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आमजन के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं। इससे लोगों को बिना किसी खर्च के शुरुआती जांच और जरूरी सलाह मिल जाती है, जिससे गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो पाती है।
हर महीने नियमित आयोजन
आयोजकों ने बताया कि भारत विकास परिषद द्वारा यह शिविर प्रत्येक माह के पहले और तीसरे रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। इसमें कोई भी व्यक्ति अपने और अपने परिवार के सदस्यों की निःशुल्क जांच करवा सकता है।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर परिषद के सचिव राजेंद्र त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष विनोद दुबे, संपर्क प्रमुख गोपाल अग्रवाल, सेवा प्रमुख अशोक सिंह, संस्कार प्रमुख राजीव लोचन श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, पूर्व कोषाध्यक्ष सुरेंद्र नोतवानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। शिविर में क्षेत्र के महिला-पुरुषों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।













