अवैध रेत परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त, चालक पर केस दर्ज

सिंगरौली। जिले के जियावान थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर जब्त किया है। साथ ही आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को क्षेत्र में लगातार अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर निगरानी बढ़ाई गई थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बिना नंबर के एक सोनालिका कंपनी के ट्रैक्टर को संदिग्ध हालत में पकड़ा। जांच में ट्रैक्टर में अवैध रूप से रेत भरी पाई गई, जिसके बाद मौके पर ही वाहन को जब्त कर लिया गया।
जब्त ट्रैक्टर और रेत की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। ट्रैक्टर चालक की पहचान रजनीश कोल (26), पिता मदन कोल, निवासी गड़ूहरा, थाना जियावान के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस एवं 4/21 खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त वाहन को थाना परिसर में खड़ा कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जियावान थाना प्रभारी शेषनारायण द्विवेदी ने बताया कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में निगरानी और कड़ी कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।













