ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बंगाल में भाजपा की जीत पर सिंगरौली में जश्न, ढोल-नगाड़ों के साथ सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता

विंध्यनगर से लेकर प्रमुख चौराहों तक गूंजे नारे, आतिशबाजी से सजा शहर का माहौल

सिंगरौली। पश्चिम बंगाल सहित देश के कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद सिंगरौली जिले में उत्साह का माहौल देखने को मिला। चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर जश्न मनाया। विंध्यनगर रोड स्थित भाजपा जिला मुख्यालय से लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तक जीत की खुशी छाई रही।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में जश्न
विजय उत्सव के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह और देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और नाच-गाकर अपनी खुशी जाहिर की।

ढोल-नगाड़ों की गूंज, नारों से गूंजा शहर
कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” जैसे नारों से पूरे माहौल को गुंजायमान कर दिया। जगह-जगह आतिशबाजी भी की गई, जिससे शहर का वातावरण पूरी तरह उत्सवमय हो गया।

जीत को बताया ऐतिहासिक
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस जीत को ऐतिहासिक करार देते हुए इसे पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। राज्य मंत्री राधा सिंह ने कहा, “यह जीत भाजपा के विकास और विश्वास की जीत है। पश्चिम बंगाल में बदलाव की लहर चल चुकी है और जनता ने भाजपा को समर्थन देकर नया इतिहास रचा है। अब प्रदेश में सुशासन और विकास की नई दिशा देखने को मिलेगी।”

संगठन को मजबूत करने का संकल्प
जश्न के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। सभी ने एकजुट होकर इस जीत को आगामी चुनावों के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।

Author

Related Articles

Back to top button