असम में भाजपा की हैट्रिक तय: हिमंता बोले- ‘जनता का आशीर्वाद, विकास की जीत’

नई दिल्ली। असम विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है। रुझानों में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है, जिससे राज्य में भाजपा की हैट्रिक लगभग तय मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस शानदार प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जनादेश विकास, नारी शक्ति और असम की अस्मिता के पक्ष में है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर जनता ने लगातार तीसरी बार भरोसा जताया है, जिसके लिए वे आभारी हैं।
सरमा ने जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि “विकसित और सुरक्षित असम” के संकल्प को और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक 126 सीटों में एनडीए 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा अकेले 80 से ज्यादा सीटों पर आगे है, जबकि सहयोगी दलों का प्रदर्शन भी मजबूत रहा है। कांग्रेस इस चुनाव में पीछे नजर आ रही है।













