‘छोटी राजनीति छोड़ें’: बंगाल नतीजों के बाद राहुल गांधी की अपनी पार्टी को कड़ी नसीहत

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी ही पार्टी के नेताओं को सख्त संदेश दिया है। उन्होंने कांग्रेस के उन नेताओं की आलोचना की, जो तृणमूल कांग्रेस (TMC) की हार पर खुशी जता रहे थे। राहुल गांधी ने कहा कि इस समय “छोटी राजनीति” से ऊपर उठकर बड़े मुद्दों को समझने की जरूरत है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने लिखा कि असम और बंगाल के जनादेश की “चोरी” लोकतंत्र को कमजोर करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा, “यह किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि पूरे देश का मामला है।”
यह बयान ऐसे समय आया है, जब पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता से बाहर होती नजर आ रही है और भाजपा भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। घोषित नतीजों के मुताबिक, 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 206 सीटें जीतकर बड़ी बढ़त हासिल की, जबकि टीएमसी 81 सीटों पर सिमट गई।
राहुल गांधी ने पहले भी ममता बनर्जी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों का समर्थन करते हुए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। वहीं असम में भी भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 82 सीटों के साथ शानदार जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस 19 सीटों तक सीमित रह गई।













