कुचिंदा जेल से 25,896 रुपये नकद व मोबाइल बरामद, बैंक ऑफ महाराष्ट्र डकैती मामले में दो आरोपी बिहार से गिरफ्तार
जांच में खुलासा: आरोपी फंटूस ने डेढ़ लाख रुपये और सामान ठिकाने लगाने का किया प्रयास

सिंगरौली,। बैंक ऑफ महाराष्ट्र डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में नालंदा, बिहार के थाना हिलसा क्षेत्र से दो आरोपी चंदन उर्फ चईया यादव (21) और गुलशन (19) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायालय से 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी डकैती की साजिश में शामिल थे और लूट के माल को ठिकाने लगाने में उनकी अहम भूमिका रही। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी फंटूस ने इन्हें डेढ़ लाख रुपये नकद और अन्य सामान उड़ीसा के संबलपुर स्थित कुचिंदा उप जेल में बंद पीयूष जायसवाल तक पहुंचाने के लिए कहा था।
जेल में दबिश, नगद और मोबाइल बरामद
पुलिस टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से कुचिंदा उप जेल में छापेमारी की, जहां से 25,896 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
वहीं बिहार के पटना स्थित बेऊर जेल में भी दबिश देकर गैंग लीडर सुबोध से जुड़े दस्तावेज जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में लगातार जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।













