तमिलनाडु में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम, कांग्रेस ने विजय की TVK को दिया समर्थन

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कांग्रेस ने अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) को सरकार बनाने के लिए आधिकारिक समर्थन देने की घोषणा की है। यह निर्णय पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक के बाद लिया गया।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडणकर ने बताया कि विजय ने औपचारिक रूप से समर्थन मांगा था, जिसके बाद कांग्रेस ने जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए यह फैसला लिया।
हालांकि कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि गठबंधन में किसी भी सांप्रदायिक विचारधारा वाली पार्टी को शामिल नहीं किया जाएगा। दोनों दल सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और संवैधानिक मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए साथ काम करेंगे।
भविष्य में भी साथ मिलकर लड़ेंगे चुनाव
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह गठबंधन केवल सरकार गठन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय निकाय, लोकसभा और राज्यसभा चुनावों में भी दोनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
इस बीच राहुल गांधी और विजय ने संयुक्त रूप से जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए युवाओं के सपनों को पूरा करने का संकल्प जताया है। कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने भी राजेश कुमार को विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी है।













