किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का चक्का जाम 7 मई को, भावांतर योजना की मांग तेज

मध्य प्रदेश। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने 7 मई को मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम करने का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह आंदोलन किसानों के अधिकारों की लड़ाई के लिए किया जा रहा है और पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।
उन्होंने सरकार से गेहूं और धान के लिए भावांतर योजना लागू करने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार यह घोषणा करती है, तो वे स्वयं मुख्यमंत्री मोहन यादव का सार्वजनिक अभिनंदन करेंगे।
पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार सीमित मात्रा में ही गेहूं खरीदी की बात कर रही है, जबकि उत्पादन इससे कहीं अधिक है। ऐसे में किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने धान खरीदी और खाद की उपलब्धता को लेकर भी सरकार को घेरा।
कांग्रेस का कहना है कि चक्का जाम सिर्फ एक हाईवे पर किया जाएगा, ताकि आमजन को कम परेशानी हो और आंदोलन की आवाज सरकार तक पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन पूरे प्रदेश में तेज किया जाएगा।













