बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

उद्यमियों को भरोसा, निमाड़ में होगी इन्वेस्टर समिट: मुख्यमंत्री

उद्योग, किसान और व्यापारियों के लिए सरकार प्रतिबद्ध

भोपाल- बुरहानपुर में आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। परमानंद गोविंदजीवाला सभागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है और उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 को ‘उद्योग एवं रोजगार वर्ष’ और वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। सरकार व्यापारी, उद्यमी और किसान—तीनों वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन का निर्णय भी लिया गया है, जिससे व्यापारियों की समस्याओं का समाधान किया जा सके।

निमाड़ में इन्वेस्टर समिट और इंडस्ट्रियल क्लस्टर की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने निमाड़ क्षेत्र में इन्वेस्टर समिट आयोजित करने की घोषणा की। साथ ही, बुरहानपुर में कपास और केला उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित करने की बात कही। निंबोला स्थित टेक्सटाइल क्लस्टर के लिए सब्सिडी जारी करते हुए उन्होंने उद्योगों को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया।

कपास पर ड्यूटी खत्म करने पर विचार

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार कपास पर लगने वाली ड्यूटी को समाप्त करने पर विचार कर रही है, जिससे व्यापारियों और किसानों दोनों को लाभ मिलेगा। साथ ही, व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने के लिए नए पहुंच मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की गई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और आने वाले समय में निवेश के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

Author

Related Articles

Back to top button