अवैध गैस रिफिलिंग व कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, कई स्थानों पर छापेमारी

सिंगरौली,। जिले में अवैध गैस रिफिलिंग और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव ने बताया कि प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरी जा रही है और घरेलू गैस को अधिक कीमत पर बेचकर उपभोक्ताओं का शोषण किया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए बैढ़न, ताली सहित अन्य क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान एस के किचन वेयर और नवभारत इंटरप्राइजेज पर छापेमारी कर कुल 8 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। साथ ही गैस भरने की पाइप, कांटा-तराजू सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार जब्त सिलेंडरों में भारत गैस और इंडियन गैस कंपनी के सिलेंडर शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नवानगर, जयंत, मोरवा और गोरबी-बरगवां क्षेत्रों में भी लगातार अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई में एसडीएम, तहसीलदार, आरआई, पटवारी, राजस्व अमला तथा खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।













