आर.एन.आर. कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें: कलेक्टर
पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर दिया विशेष जोर

सिंगरौली,: कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर गौरव बैनल ने औद्योगिक कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि आर.एन.आर. कॉलोनियों में विस्थापितों के लिए स्वच्छ पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।
कलेक्टर ने कहा कि कॉलोनियों में ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार जल जीवन मिशन की योजनाओं का भी उपयोग किया जाए। इसके साथ ही सर्वसुविधायुक्त चिकित्सालय और बच्चों के लिए उचित शैक्षणिक व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
शिकायतों का समयबद्ध निराकरण अनिवार्य
बैठक में कलेक्टर ने औद्योगिक कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि टीएल बैठक में प्राप्त आवेदनों और विस्थापन से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कंपनियां विस्थापन नीति के सभी मानकों का पालन करें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दें।
जनसमस्या निवारण शिविर लगाने के निर्देश
कलेक्टर ने कंपनियों को समय-समय पर जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए, ताकि स्थानीय स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा सके।
बैठक में सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा सहित नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, एपीएमडीसी और रिलायंस सासन पावर के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।













