सिंगरौली में ‘आरोह’ ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, 4 जून तक चलेगा प्रशिक्षण

सिंगरौली, : संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह-2026” का शुभारंभ स्थानीय राजमाता चुन कुमारी स्टेडियम में किया गया। यह शिविर 5 मई से प्रारंभ होकर 4 जून 2026 तक संचालित होगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि रामनिवास शाह द्वारा किया गया। इस अवसर पर पार्षद सीमा जायसवाल, लवकुश कुमार तिवारी तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे युवाओं को सही मार्गदर्शन, अनुशासन और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है।
शिविर के दौरान अनुभवी प्रशिक्षकों—असगर अली, प्रियंक तिवारी, अर्पित गुप्ता, डॉ. उमाकांत सिंह और सुखचैन शुक्ला द्वारा विभिन्न खेलों की तकनीकी बारीकियां सिखाई जाएंगी।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना विकसित करना और उनकी प्रतिभा को निखारना है।













