देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पुणे की घटना से दहला देश: मासूम से दरिंदगी के आरोपी को परिवार ने भी ठुकराया

मुम्‍बई- पुणे में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की दर्दनाक घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस जघन्य अपराध के बाद जहां लोगों में भारी आक्रोश है, वहीं आरोपी के परिवार ने भी उससे सभी रिश्ते तोड़ते हुए उसके लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

पुलिस के मुताबिक 65 वर्षीय आरोपी बच्ची को खाने का लालच देकर सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बच्ची के मुंह में कपड़ा या मोजे ठूंसे गए थे, जिससे उसकी सांस रुक गई। शरीर पर चोट के कई निशान भी मिले हैं, जो घटना की क्रूरता को दर्शाते हैं।

घटना के बाद आरोपी की पत्नी और बेटे ने सार्वजनिक रूप से उसे त्यागने का ऐलान किया। आरोपी की पत्नी ने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से उससे अलग रह रही हैं और अब उसे अपना पति मानने से भी इनकार करती हैं। वहीं बेटे ने कहा कि उसे ऐसे व्यक्ति को पिता कहने में शर्म आती है और आरोपी को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे समाज में कड़ा संदेश जाए।

घटना के विरोध में इलाके में प्रदर्शन जारी हैं। महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोपी को फांसी देने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने विशेष जांच दल का गठन किया है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि सरकार आरोपी को मृत्युदंड दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वहीं पीड़िता के पिता ने भावुक अपील करते हुए कहा है कि उन्हें राजनीति नहीं, सिर्फ अपनी बेटी के लिए न्याय चाहिए।

Author

Related Articles

Back to top button