ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

महदेइया गांव में जलभराव से ग्रामीण परेशान, कोल वॉशरी पर नाले का बहाव बदलने का आरोप

सिंगरौली। जिले के गोरबी क्षेत्र अंतर्गत महदेइया गांव में जलभराव और दूषित पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने महाबीर कोल वॉशरी पर नाले का प्राकृतिक बहाव बदलने का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में हुई बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। गंदा पानी कई घरों में घुस गया, वहीं गांव के कुओं का पानी भी दूषित हो गया है। इससे पेयजल संकट गहरा गया है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी अवदेश पनिक्का ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान हर साल गांव में ऐसी स्थिति बन जाती है।

ग्रामीण मनोज कुमार बैसवार ने आरोप लगाया कि रेलवे और कोल वॉशरी के निर्माण कार्य के दौरान नाले का प्राकृतिक रास्ता बदल दिया गया, जिसके कारण बारिश का पानी अब गांव की ओर आने लगा है। इससे खेतों और घरों में पानी भर रहा है।

गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नाले को पुराने स्वरूप में बहाल करने, जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने और प्रभावित परिवारों को राहत देने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Author

Related Articles

Back to top button