ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जबलपुर में होटल में महिला का संदिग्ध शव, पुलिस ने जांच शुरू की

बिना पहचान पत्र के कमरा देने पर होटल प्रबंधन पर सवाल, एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए साक्ष्य

जबलपुर। एमपी के जबलपुर शहर के संजीवनी नगर थाना अंतर्गत धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र में स्थित होटल रिलैक्स इन में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। महिला की पहचान से जुड़े कोई दस्तावेज होटल प्रबंधन के पास नहीं थे, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी और संजीवनी नगर थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने होटल परिसर को घेरते हुए जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को बुलाकर कमरे के भीतर से साक्ष्य एकत्र किए गए।

पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला कब होटल में आई और उसके साथ कौन मौजूद था।

इस पूरे मामले में होटल प्रबंधन की लापरवाही पर भी सवाल उठे हैं, क्योंकि नियमों के अनुसार किसी भी व्यक्ति को होटल में रुकने के लिए वैध पहचान पत्र देना अनिवार्य है।

पुलिस ने कहा कि महिला की पहचान और मौत की असल वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है ताकि जल्द से जल्द इस रहस्यमयी मौत का खुलासा किया जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button