3 जुलाई से शुरू होगी पवित्र अमरनाथ यात्रा, प्रशासन ने तेज की तैयारियां
सुरक्षा, स्वास्थ्य और यात्रा मार्गों की व्यवस्थाओं की समीक्षा, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश

श्रीनगर। पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा आगामी 3 जुलाई से शुरू होने जा रही है। यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा मार्गों से बर्फ हटाने, सड़क मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
गांदरबल के जिला उपायुक्त जतिन किशोर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर बालटाल मार्ग की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पुलिस विभाग के साथ सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा करते हुए चेकपोस्ट, तलाशी केंद्र और तैनाती स्थलों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए। बेस कैंप के प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा स्कैनर लगाने की तैयारी भी की जा रही है।
सीमा सड़क संगठन (BRO) ने बताया कि यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है और तय समय पर रास्ता श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं, यात्रा से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों के लिए निविदाएं जारी कर कई स्थानों पर काम शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन ने पोनी और पिट्ठू संचालकों का पंजीकरण शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ई-केवाईसी काउंटरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आसान हो सके।
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष जोर
यात्रा मार्ग पर शौचालय, साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बालटाल समेत विभिन्न पड़ावों पर मेडिकल सुविधाएं मजबूत की जा रही हैं तथा आवश्यक उपकरण और मेडिकल स्टाफ की तैनाती की जा रही है।
कौन कर सकता है यात्रा?
13 से 70 वर्ष तक की आयु के श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि छह सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाओं को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। धार्मिक आस्था के साथ यह यात्रा रोमांच और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए भी विशेष आकर्षण रखती है।













