मकरोहर में आंगनवाड़ियों का जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

सिंगरौली -कलेक्टर गौरव बैनल के मार्गदर्शन में जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री जितेंद्र गुप्ता द्वारा ग्राम मकरोहर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का आकस्मिक भ्रमण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान मकरोहर स्थित केंद्र क्रमांक 1, 2 और 3 क्रियाशील पाए गए। श्री गुप्ता ने बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर की बारीकी से जांच की और केंद्र पर बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की शुद्धता का परीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के पोषण के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बच्चों के वजन, ऊंचाई और स्वास्थ्य पत्रकों का मिलान करने के साथ ही टीकाकरण कवरेज और गर्भवती एवं धात्री माताओं को मिलने वाले पूरक पोषण आहार की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को निर्देशित किया कि दैनिक गतिविधियों और अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य के संबंध में निरंतर निगरानी और पोषण की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।













