ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर के निर्देशन में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न

सिंगरौली -कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की जमीनी स्तर की सेवाओं को बेहतर बनाने, विभागीय समन्वय स्थापित करने और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु चितरंगी में विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य अमले के क्षमता विकास के साथ-साथ विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों की लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करना रहा। बैठक के दौरान मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण और क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की बिंदुवार गहन समीक्षा की गई, जिसमें अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक लाभ पहुँचाने पर विशेष बल दिया।

आगामी 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो कार्यक्रम की सफलता को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित कर्मियों का उन्मुखीकरण करते हुए उन्हें निर्देशित किया गया कि कोई भी बच्चा दवा की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए सूक्ष्म-कार्ययोजना के अनुसार सजगता से कार्य करें। वर्ष 2025-26 के दौरान अनमोल पोर्टल पर कम उपलब्धि दर्ज करने वाले उप-स्वास्थ्य केंद्रों के प्रति बैठक में कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। कलेक्टर के निर्देशानुसार, ऐसे केंद्रों को चिह्नित कर कार्य में तत्काल सुधार लाने हेतु चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक के अंत में सभी स्वास्थ्य कर्मियों को केंद्रों पर समय पर उपस्थित रहने और पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी गई। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला क्षय रोग अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी सहित जिला एवं खंड कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button