शहडोल में दर्दनाक सड़क हादसा, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष समेत दो युवकों की मौत

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से भाजपा युवा मोर्चा के करकी मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी और उनके साथी अतुल तिवारी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शनिवार देर रात उस समय हुआ, जब दोनों युवक एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, टिहकी गांव निवासी राहुल द्विवेदी और अतुल तिवारी झिरिया गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान शहडोल-रीवा हाईवे पर जोरा पुलिया के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया।
रविवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक और दोनों युवकों के शव पड़े देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
राहुल द्विवेदी क्षेत्र के सक्रिय युवा नेता माने जाते थे। उनके निधन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में शोक का माहौल रहा। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना देते हुए दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।













