मानसून से पहले होमगार्ड की तैयारी तेज, नर्मदा में चला तीन दिवसीय आपदा राहत प्रशिक्षण

जबलपुर। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए मध्य प्रदेश होमगार्ड ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जबलपुर संभाग में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 7 मई से 9 मई तक चले इस प्रशिक्षण में 51 होमगार्ड जवानों ने हिस्सा लेकर जल आपदा और राहत-बचाव कार्यों का अभ्यास किया।
प्रशिक्षण जबलपुर के गौरीघाट स्थित नर्मदा नदी में आयोजित किया गया, जहां जवानों को व्यावहारिक तौर पर बाढ़ और तेज बहाव जैसी परिस्थितियों से निपटने की ट्रेनिंग दी गई। इसमें जबलपुर के साथ कटनी, मंडला, नरसिंहपुर सहित कई जिलों के जवान शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान जवानों को तेज बहाव में तैराकी, सांस नियंत्रण तकनीक और जल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के तरीके सिखाए गए। इसके अलावा आधुनिक बोट संचालन, चप्पू एवं ओअर के उपयोग तथा आउटबोर्ड मोटर हैंडलिंग का भी अभ्यास कराया गया।
विशेष आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण में एसडीआरएफ टीम के जवानों ने भी भाग लिया। पूरा प्रशिक्षण डिवीजनल कमांडेंट एवं जिला सेनानी तथा प्रशिक्षण प्रभारी नीरज सिंह ठाकुर की निगरानी में संपन्न हुआ। अधिकारियों के अनुसार मानसून के दौरान संभावित आपदाओं में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।













