देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने विजय, तमिल में ली शपथ

 

चेन्नई। अभिनेता से राजनेता बने तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्होंने तमिल भाषा में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता Rahul Gandhi सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण के दौरान एक रोचक स्थिति भी देखने को मिली। विजय निर्धारित शपथ-पत्र से आगे बोलने लगे, जिस पर राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन अर्लेकर ने उन्हें टोकते हुए केवल लिखित पाठ पढ़ने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री विजय के साथ टीवीके के नौ अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और सेल्वी एस कीर्तना शामिल हैं। विजय मंत्रिमंडल में फिलहाल सहयोगी दलों के किसी विधायक को स्थान नहीं दिया गया है।

इससे पहले विजय ने टीवीके, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, वीसीके और आईयूएमएल के 121 विधायकों के समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपे थे। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। दो वर्ष पुरानी टीवीके ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 234 में से 108 सीटों पर जीत दर्ज कर राजनीतिक हलकों में बड़ा उलटफेर किया। सहयोगी दलों के समर्थन से विजय के पास 121 विधायकों का समर्थन है, जबकि बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता थी।

तमिलनाडु की राजनीति में यह एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है, क्योंकि वर्ष 1967 के बाद पहली बार किसी गैर-द्रविड़ दल का नेता राज्य का मुख्यमंत्री बना है।

Author

Related Articles

Back to top button