ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सड़क किनारे गिरा विशाल पेड़, बाइक सवार युवक की मौत; NCL और नगर निगम पर उठे सवाल

सिंगरौली। नवानगर थाना क्षेत्र के निगाही मोड़ के पास मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ा एक विशाल महुआ का पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


मृतक की पहचान अरुण कुमार शाहू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरुण बाइक से निगाही मोड़ की ओर जा रहे थे, तभी अचानक पुराना महुआ का पेड़ उनके ऊपर गिर गया। पेड़ गिरने से हाईटेंशन बिजली लाइन के तार भी टूटकर सड़क पर बिखर गए, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही नवानगर थाना की टीम मौके पर पहुंची और बिजली विभाग को सूचित कर तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई। गंभीर रूप से घायल अरुण शाहू को पेड़ के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक का पोस्टमार्टम नेहरू चिकित्‍सालय जयंत में कराया जा रहा है। वहीं क्रेन की मदद से सड़क से पेड़ हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने एनसीएल और नगर निगम की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क किनारे कई पुराने और जर्जर पेड़ मौजूद हैं, जिनकी समय पर छंटाई या हटाने की कार्रवाई नहीं की जा रही है। नागरिकों ने भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए खतरनाक पेड़ों को जल्द हटाने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button