सिंगरौली में देर रात बिजली दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचौर में देर रात एक बिजली दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।जानकारी के अनुसार ग्राम पचौर निवासी जयशंकर गुप्ता पिता मानिंदसागर गुप्ता की बिजली दुकान में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। घटना देर रात की बताई जा रही है। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल आग लगने की सूचना प्रशासन और कंपनियों को दी। इसके बाद THDC India Limited तथा Jaiprakash Associates Limited के दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते दमकल नहीं पहुंचती तो आग आसपास की दुकानों और मकानों तक फैल सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुकान में विद्युत उपकरण, वायर, मोटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।













