सासन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर जब्त

सिंगरौली। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सासन पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक सियाज केएम के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Sarvapriya Sinha के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम काम पूर्व टोला स्थित मयार नदी से अवैध रेत भरकर एक बिना नंबर का स्वराज ट्रैक्टर बिक्री के लिए सिद्धीखुर्द शिवपहाड़ी की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही सासन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप नामदेव के नेतृत्व में पुलिस दल ने ग्राम गढ़हरा रिलायंस कन्वेयर मार्ग पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद पुलिस ने रेत से भरे ट्रैक्टर को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम अमर अगरिया निवासी झांझी टोला बताया। पुलिस द्वारा रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन चालक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लिया। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक ए.के. पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अनिल नवेत और आरक्षक राहुल सिंह की सराहनीय भूमिका रही।













