सिंगरौली विकास प्राधिकरण के नव नियुक्त अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने संभाला पदभार, विकास और विस्थापन पर दिया बड़ा संदेश

सिंगरौली।वीरेन्द्र गोयल ने गुरुवार को सिंगरौली विकास प्राधिकरण के नव नियुक्त अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह सिंगरौली विकास प्राधिकरण परिसर में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे। पदभार ग्रहण से पहले मोरवा शिव मंदिर से विशाल स्वागत यात्रा निकाली गई, जो जयंत तिराहा, नवानगर, माजन मोड़ और वैढ़न होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची।

पदभार ग्रहण के बाद वीरेंद्र गोयल ने विकास, विस्थापन और पर्यावरण को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सिंगरौली विकास प्राधिकरण का क्षेत्र काफी सीमित है, जिसका विस्तार किया जाना जरूरी है। इसके लिए सीमाओं का अध्ययन कर नियमानुसार क्षेत्र बढ़ाने और इंदौर-भोपाल की तर्ज पर विकास कार्यों को गति देने के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मोरवा विस्थापन जिले का सबसे बड़ा मुद्दा है। हजारों परिवार अब तक स्थायी पुनर्वास का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को केवल प्लॉट नहीं, बल्कि तैयार मकान की आवश्यकता है, ताकि बुजुर्ग और जरूरतमंद परिवारों को परेशानी न हो। विस्थापितों के लिए सुनियोजित आवास व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जाएगा।
वीरेंद्र गोयल ने कहा कि क्षेत्र में प्रदूषण कम करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने साफ हवा, शुद्ध पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित संस्थाओं के साथ मिलकर कार्य करने की बात कही। साथ ही अनाथ बच्चों के लिए शेल्टर होम और वृद्धाश्रम बनाने की दिशा में भी प्रयास करने की घोषणा की।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें सांसद राजेश मिश्रा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, राज्य मंत्री राधा सिंह सहित कई विधायक और संगठन पदाधिकारी शामिल हुए।












