जल संरक्षण और ग्रामीण विकास कार्यों का संभागायुक्त ने किया निरीक्षण

सिंगरौली। रीवा संभागायुक्त बीएस जामोद ने गुरुवार को सिंगरौली जिले का दौरा कर ग्रामीण विकास, जल संरक्षण और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। दौरे का मुख्य उद्देश्य जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेना था।
संभागायुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 29 चंद्रमा टोला स्थित माजन मोड़ गोदाम के पीछे चल रहे तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने बैढ़न से उतानीपाठ तक करीब 81 किलोमीटर क्षेत्र का भ्रमण कर कई गांवों में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। जरहा और रजमिलान में “सिंहदेव महिला किसान उत्पादक कंपनी” द्वारा संचालित कोदो-कुटकी प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन किया तथा महिला समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली।
रैला और खेराही गांव में तालाब गहरीकरण कार्यों की समीक्षा की गई। वहीं कनपुरा गांव में स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर मशरूम उत्पादन और जैविक खेती के प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। ग्राम नगवां में नए तालाब निर्माण कार्य की शुरुआत भी कराई गई।
दौरे के अंतिम चरण में उतानीपाठ में जन चौपाल आयोजित की गई, जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। संभागायुक्त ने जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के बाद वे रीवा के लिए रवाना हो गए।












