ब्रह्माकुमारी बहनों ने एन.टी.पी.सी. अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ का किया सम्मान
सशक्त नर्स ही जीवन बचाती है

सिंगरौली- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय शाखा तपोवन कंपलेक्स विंध्य नगर द्वारा एनटीपीसी अस्पताल विंध्यनगर के नर्सिंग स्टाफ को अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर तिलक लगाकर, पटिट्का पहनाकर एवं ईश्वरीय सौगात देकर सम्मानित किया गया। फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्मदिन 12 मई को सारे विश्व में अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के रूप में मनाया जाता है क्योंकि उनके द्वारा ही 1860 में नर्सिंग सेवाओं की शुरुआत हुई थी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपना उद्बोधन देते हुए बह्माकुमारीज तपोवन काम्प्लेक्स सिंगरौली की प्रभारी ब्रह्माकुमारी शोभा बहन ने कहा निश्चित तौर पर हमारी नर्सें, हमारा भविष्य हैं और हमारा भविष्य सशक्त हो, खुशहाल हो उसके लिए राजयोग मेडिटेशन द्वारा अपने आप को चार्ज करने की आवश्यकता है। आपने सभा में उपस्थित चिकित्सा कर्मचारियों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया और सभी राजयोग मेडिटेशन सिखने के लिए बह्माकुमारी केंद्र पधारने का निमंत्रण भी दिया।
इसके पूर्व बह्माकुमारी अपर्णा सिंह ने संस्थान का परिचय देते हुए मेडिकल प्रभाग की गतिविधियों के बारे में सभी को जानकारी दी।
भोपाल से पधारे ब्रह्माकुमार दीपेन भाई ने सेवा की मुर्ति नर्सेज को नमन करते हुए नर्सिंग डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी तारीफ के काबिल है आप सबने बड़े ही साहस का परिचय देते हुए फ्लोरेंस नाइटिंगेल द्वारा जलाये गये मानव सेवा के दीपक को आज दिन तक जलाये रखा है। यह दीपक आगे भी ऐसे ही जलता रहे उसके लिए आप सभी का सशक्त होना अति आवश्यक है।
बाह्य रूप से तो आप सभी सशक्त है और सरकार भी कई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर आप को सशक्त बना रही परंतु आंतरिक शक्तियों का विकास करने हेतु आप सभी का आध्यात्मिक जागृति द्वारा सशक्त होना भी उतना ही आवश्यक है। हम बह्माकुमारी संस्थान के भाई – बहन आपको आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सदा तत्पर है। अंत में सभी नर्सिंग स्टाफ का सम्मान बह्माकुमारी अंजु एवं बह्माकुमारी जया बहन ने किया।












