बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में भीषण गर्मी का कहर, सरई में बारिश से मिली राहत; 45 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

सिंगरौली। जिले में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को सरई क्षेत्र में अचानक मौसम बदला और करीब 20 मिनट तक हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश से लोगों को कुछ देर राहत जरूर मिली, लेकिन इसके बाद निकली तेज धूप ने उमस बढ़ा दी। वहीं बैढ़न, चितरंगी और माड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में पूरे दिन तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल किए रखा।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहा। विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है।
पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों के अनुसार मई माह में जिले का तापमान लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2022 में अधिकतम तापमान 41 डिग्री, 2023 में 42 डिग्री, 2024 में 43 डिग्री और 2025 में 44 डिग्री तक पहुंच चुका है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Author

Related Articles

Back to top button