बैढ़न बस स्टैंड के पास बीच सड़क खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और शराब की बोतलें चलीं; वीडियो वायरल

सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड के पास शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। करीब आधा दर्जन युवक बीच सड़क पर आपस में भिड़ गए और लाठी-डंडों के साथ शराब की बोतलों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। बीच सड़क पर हुई इस मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहगीर और दुकानदार डर के कारण इधर-उधर भागते नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड के पास स्थित शराब दुकान के कारण आए दिन इस तरह के विवाद होते रहते हैं। शराब पीने के बाद युवक अक्सर गाली-गलौज और मारपीट करते हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है।
बैढ़न थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













