संभागीय प्रभारी की उपस्थिति में सम्पन्न हुई भाजपा की विशेष जिला स्तरीय बैठक

सिंगरौली- भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली की विशेष जिलास्तरीय बैठक संभागीय संगठन प्रभारी एवं दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान के प्रदेश संयोजक विजय दुबे जी के नेतृत्व में सम्पन्न हुई, बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने की। इस महत्वपूर्ण बैठक में पंचायत विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, सांसद डॉ राजेश मिश्रा, प्रशिक्षण अभियान के जिले के प्रभारी के के तिवारी, सीडा अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक की विशेष उपस्थित रही।
बैठक का औपचारिक शुभारंभ पितृ पुरुषों के छायाचित्र पर माल्यार्पण से हुआ। स्वागत उद्बोधन जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने किया तथा उनके द्वारा ही बैठक का संदर्भ प्रस्तुत किया गया। संभागीय संगठन प्रभारी विजय दुबे जी ने सांगठनिक विषयों पर अपना उद्बोधन दिया तथा पूर्व में सम्पन्न हुई मंडलों एवं जिले की बैठकों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
संभागीय प्रभारी ने समस्त मंडल अध्यक्षों तथा मंडल प्रभारियों को मंडल इकाई से लेकर बूथ स्तर तक की सांगठनिक गतिविधियों में नियमितता एवं कसावट लाने के निर्देश दिए। संभागीय प्रभारी 20 और 21 मई को आयोजित होने वाले दीनदयाल जिलास्तरीय प्रशिक्षण महाभियान की तैयारियों की समीक्षा की तथा समस्त कार्य प्रभारियों से उनकी तैयारियों का विवरण प्राप्त किया तथा निर्देश दिए कि सभी अपेक्षित प्रतिभागी अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण नियमों के अनुरूप ही कार्य करेंगे तथा किसी भी प्रकार की कोताही संगठन को स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक का मंचीय संचालन जिला महामंत्री विक्रम सिंह चंदेल ने किया तथा आभार प्रकट प्रशिक्षण महाभियान के संयोजक राजकुमार दुबे ने किया। बैठक में समस्त जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, प्रशिक्षण महाभियान के विभिन्न दायित्वों के प्रमुख तथा अपेक्षित पदाधिकारी उपस्थित रहे।













