अवैध मुरुम परिवहन ने ली 8 साल के मासूम की जान: ट्रैक्टर से कुचलकर मौत, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

सिंगरौली। जिले में अवैध रेत और मुरुम परिवहन एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बैढ़न कोतवाली क्षेत्र के ग्राम काम में शुक्रवार को अवैध मुरुम ढो रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम मंडोले पनिका की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को मौके पर ही रोक लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिना अनुमति मुरुम, मिट्टी और रेत का परिवहन हो रहा था। इसकी शिकायतें कई बार खनिज विभाग और पुलिस तक पहुंचाई गईं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा आज एक मासूम को जान देकर भुगतना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मदद राशि दिलाने की बात कही, जिससे ग्रामीण और भड़क गए। लोगों ने इसे संवेदनहीन रवैया बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं सीपीआई नेता संजय नामदेव ने ट्रैक्टर मालिक के साथ संबंधित लोगों पर भी हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि अवैध खनन और परिवहन पर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।













