सिंगरौली के प्रफुल्ल सिंह चंदेल बने मध्यप्रदेश शासन के अधिवक्ता, जिले में खुशी की लहर

सिंगरौली जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है। जिले के निवासी एवं सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक जे.बी. सिंह चंदेल के छोटे पुत्र अधिवक्ता प्रफुल्ल सिंह चंदेल को मध्यप्रदेश शासन ने सुप्रीम कोर्ट में राज्य सरकार का पक्ष रखने के लिए अधिवक्ता नियुक्त किया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से जिले में खुशी और गौरव का माहौल है।
प्रफुल्ल सिंह चंदेल वर्तमान में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर, दिल्ली हाईकोर्ट तथा देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट नई दिल्ली में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रहे हैं। विधि क्षेत्र में उनकी सक्रियता, अनुभव और बेहतर पैरवी को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकरणों में शासन की ओर से पैरवी की जिम्मेदारी सौंपी है।
उनकी इस उपलब्धि पर जिले के अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है। लोगों का कहना है कि सिंगरौली जैसे जिले से निकलकर देश की सर्वोच्च अदालत में प्रदेश का पक्ष रखना पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है।
प्रफुल्ल सिंह चंदेल की नियुक्ति को युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है। जिलेवासियों ने उम्मीद जताई है कि वे अपनी प्रतिभा और अनुभव से प्रदेश का प्रभावी पक्ष रखकर सिंगरौली का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और गौरवान्वित करेंगे।













